बुधवार, 7 दिसंबर 2016

केवल 'हेज़ल कीच' ही नहीं हुई क्रिकेट के राजकुमारों की

पिछले महीने साउथ की फिल्मों में मशहूर और हिंदी फिल्म बॉडीगार्ड में सलमान खान की एक नायिका हेज़ल कीच क्रिकेटर युवराज सिंह के साथ शादी के बंधन में बंध गई। इस शादी में तमाम क्रिकेटरों में (माइनस अनुष्का शर्मा) विराट कोहली और पूर्व एक्ट्रेस और पत्नी गीता बसरा के साथ हरभजन सिंह मौजूद थे।  हरभजन सिंह ने पिछले साल ही गीता बसरा के साथ लंबे रोमांस के बाद शादी की थी।  युवराज सिंह भी हेज़ल कीच के साथ रोमांस करते नज़र आ रहे थे।  इसीलिए, तमाम निगाहें विराट कोहली पर टिकी हुई थी।  चूंकि, साथ अनुष्का  शर्मा नहीं थी, इसलिए तमाम सवाल थे। क्या यह क्रिकेटर- फिल्म एक्ट्रेस रोमांस शादी के बंधनों तक पहुंचेगा या लंबे रोमांस के बाद ख़त्म हो जायेगा ? क्योंकि, क्रिकेटर-एक्ट्रेस रोमांस का इतिहास गवाह है कि कभी रोमांस के बाद शादी हुई, कभी रोमांस तक ही बात ख़त्म हो गई।
सत्तर के दशक के रोमांस 

सत्तर के दशक में, जब क्रिकेटर बजरिये टीवी इतना सेलिब्रिटी स्टेटस नहीं पाते थे, क्रिकेटर-एक्ट्रेस रोमांस परवान चढ़ता था।  एक्ट्रेस शर्मीला टैगोर खुद को क्रिकेट लवर मानती थी।  वह हर क्रिकेट मैच में मौजूद होती थी।  १९६४-६५ में ऑस्ट्रेलिया की टीम भारत दौरे पर थी।  दिल्ली में एक पार्टी के दौरान, पहली बार शर्मीला टैगोर और क्रिकेट  कप्तान नवाब मंसूर
 अली खान पटौदी की मुलाकात नही।  पटौदी को बॉलीवुड के बारे में कुछ पता नहीं था।  लेकिन, इसके बावजूद टैगोर-पटौदी रोमांस फूला फला।   २७ दिसम्बर १९६९ को दोनों ने निकाह पढ़वा लिया।  लेकिन, भारतीय क्रिकेट टीम के एक सदस्य सलीम दुर्रानी और बॉलीवुड अभिनेत्री परवीन बॉबी का रोमांस शादी तक परवान नहीं चढ़ सका।  इस कथित रोमांस  को फिल्म पब्लिसिटी के लिए रोमांस भी कहा जा सकता है।  निर्देशक बीआर इशारा की फिल्म चरित्र (१९७३) से क्रिकेटर सलीम दुर्रानी और मॉडल परवीन बॉबी का फिल्म डेब्यू हो रहा था।  उस समय इन दोनों के रोमांस के किस्से खूब गढ़े गए।  लेकिन, फिल्म की रिलीज़ के साथ ही यह रोमांस ख़त्म हो गया।
विव रिचर्ड्स से कुंवारी माँ नीना गुप्ता

अस्सी के दशक में वेस्टइंडीज टीम के भारत दौरे के दौरान वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के कप्तान विव रिचर्ड्स के साथ टीवी और फिल्म एक्ट्रेस नीना गुप्ता का रोमांस खूब गरमाया।  बताया गया कि दोनों ने गुप्त शादी कर ली।  क्योंकि, जब विव अपने देश वापस गए, नीना गुप्ता गर्भ से थी।  उस समय नीना गुप्ता को टीवी सीरियल खानदान की बोल्ड नायिका माना जा रहा था।  नीना ने अपनी बोल्डनेस के मद्देनज़र बच्चे को जन्म देने का निर्णय किया।  विवियन रिचर्ड और नीना गुप्ता के प्रेम की निशानी मसाबा गुप्ता एक मशहूर फैशन डिज़ाइनर हैं और फिल्मकार मधु मंतेना की पत्नी हैं।
अंजू महेंद्रू का दुर्भाग्य 

यह १९६६-६७ का वेस्टइंडीज टीम का दौरा था।  गारफील्ड सोबर्स वेस्टइंडीज टीम के कप्तान थे।  बासु भट्टाचार्य की डेब्यू फिल्म उसकी कहानी से अंजू महेंद्रू का फिल्म डेब्यू हुआ था।  उनके खाते में ज्वेल थीफ, संघर्ष और इन्तक़ाम जैसी फ़िल्में दर्ज हो चुकी थी।  वह फिल्म बंधन में राजेश खन्ना के साथ काम कर रही थी।  इन दोनों का रोमांस बॉलीवुड की हवाओं में बहा करता था।  तभी अंजू गैरी के रोमांस में फंस गई।  उन्होंने राजेश खन्ना के साथ सम्बन्ध तोड़ कर गैरी सोबर्स के साथ सगाई कर ली। उन दिनों गारफील्ड सोबर्स इंग्लिश काउंटी के लिए खेल रहे थे।  अंजू महेंद्रू बॉलीवुड फिल्मों में व्यस्त थी।   इसलिए, दोनों की शादी नहीं हो सकी।  परंतु भारत और इंग्लैंड के बीच की लंबी दूरियां दोनों के बीच आ गई।  अंजू-गैरी सगाई टूट गई।  उधर नाराज़ राजेश खन्ना ने डिंपल ' बॉबी' कपाडिया से शादी कर ली।
बॉलीवुड एक्ट्रेस से रोमांस के 'युवराज' 

हालाँकि, क्रिकेटर युवराज सिंह ने अपने रोमांस हेज़ल कीच से शादी कर ली।  लेकिन, कभी क्रिकेट के कैसानोवा समझे जाने वाले युवराज सिंह ने कई बॉलीवुड एक्ट्रेस के साथ प्रेम की पींगे भरी।  उनका पहला रोमांस एक्ट्रेस किम शर्मा के साथ चार साल तक चला।  दोनों शादी भी करना चाहते थे।  लेकिन, युवराज की माँ शबनम को एक्ट्रेस बहु नागवार लगी।  यह सम्बन्ध ख़त्म हो गया।  फिर युवराज की ज़िन्दगी में दीपिका पादुकोण आई।   मगर, ओम शांति ओम के हिट होते ही, वह युवराज से छिटक ली।  फिर वह विवेक ओबेरॉय की पूर्व गर्लफ्रेंड और फिर रिया सेन के संपर्क में आये।  लेकिन, यह सभी सम्बन्ध जल्द ही ख़त्म हो गए।  मिनिषा लाम्बा और प्रीति झंगियानी के बाद २०१० में वह प्रीटी जिंटा से रोमांस करते नज़र आये।  उस दौरान वह प्रीटी की आईपीएल टीम से जुड़े हुए थे।  हेज़ल कीच से रोमांस के पहले वह एक मॉडल आँचल कुमार के साथ रोमांस कर रहे थे।   
पाकिस्तानी क्रिकेटरों से भी रोमांस

 बॉलीवुड एक्ट्रेस रोमांस के मामले में देश की सीमा भी लांघ सकती है।  ऎसी पहली एक्ट्रेस रीना रॉय थी।  रीना रॉय का रोमांस शत्रुघ्न सिन्हा से गर्म था।  यह रोमांस शत्रु की पूनम से शादी के बाद भी चलता रहा।  रीना रॉय चाहती थी कि शत्रुघ्न सिन्हा पूनम को छोड़ कर उनसे शादी कर लें।  पर शत्रु इसके लिए राजी नहीं हुए।  तभी रीना रॉय और पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहसिन खान की मुलाकात हुई।  उस समय दोनों अपने करियर के टॉप पर थे, जब कराची में रीना- मोहसिन विवाह हो गया।  सत्तर के दशक में ज़ीनत अमान और पाकी क्रिकेटर इमरान खान का रोमांस खूब गर्म हुआ।  बताते हैं कि इस शादी के आड़े देश की सीमायें आ गई।  लेकिन, जानकार बताते हैं कि ज़ीनत अमान ने संजय खान के लिए और इमरान खान ने अपनी ऑक्सफ़ोर्ड की दोस्त बेनज़ीर भुट्टो के लिए सम्बन्ध ख़त्म किये।  इसी प्रकार से सुष्मिता सेन और पाकिस्तानी क्रिकेटर वसीम अकरम, एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया और अब्दुल रज़ाक और सोनाली बेंद्रे और शोहेब अख्तर के बीच रोमांस की खबरे थोड़े समय के लिए सुर्खियां बटोरती रही।
कुछ दूसरे क्रिकेक्टर-एक्टर रोमांस

कपिल देव और अभिनेत्री सारिका के बीच रोमांस भी खूब चर्चित हुआ।  कपिल के परिवार को सारिका पसंद भी थी।  लेकिन, आखिर में यह शादी नहीं हो सकी।  संगीत बिजलानी को नौरीन अपना घर तोड़ने वाली औरत कहती है।  जी हाँ, नौरीन को रंज है कि संगीता बिजलानी ने उसके क्रिकेटर पति मोहम्मद अज़हरुद्दीन को उनसे छीन लिया।  अज़हरुद्दीन ने १० साल के वैवाहिक जीवन के बाद नौरीन से तलाक़ लेकर १९९६ में संगीत बिजलानी से शादी कर ली।  लेकिन, १४ साल बाद २०१० में यह क्रिकेटर- एक्ट्रेस जोड़ी भी टूट गई।  भारतीय क्रिकेट टीम के तेज़ गेंदबाज़ ज़हीर खान और सुभाष घई की फिल्म किसना की एक नायिका ईशा श्रावणी का रोमांस पूरे चार साल तक चला।  खबर यहाँ तक उड़ी कि दोनों ने गुप्त रूप से शादी कर ली है।  लेकिन, इस सम्बन्ध के टूटने के साथ सभी खबरें अफवाह साबित हुई। जब रवि शास्त्री स्पिन गेंदों से विदेशी टीमों को छकाया करते थे, उन दिनों वह फिल्म एक्ट्रेस अमृता सिंह को अपनी  मिनी वर्ल्ड कप में जीती ऑडी में घुमाते भी नज़र आते थे।  एक दूसरे भारतीय टेस्ट क्रिकेट  कप्तान सौरव गांगुली भी नगमा के ज़ुल्फ़ों में उलझ कर रह गए थे।  उस समय यह कहा जाता था कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी सौरव का ध्यान भंग करने के लिये नगमा का नाम ले लिया करते थे।  हरभजन सिंह ने अपनी बॉलीवुड एक्ट्रेस दोस्त गीता बसरा से शादी कर अपने प्यार को मुकाम तक पहुंचाया।  वहीँ महेंद्र  सिंह धोनी का नाम दक्षिण की एक्ट्रेस लक्ष्मी राय और बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण के साथ भी जुड़ा।  लक्ष्मी राय तो धोनी के साथ अपने रोमांस को काला दाग बताती हैं। रिया सेन के साथ श्रीसंथ की रोमांटिक कहानियां भी खूब छपी।  रोहित शर्मा और सोफ़िया हयात का रोमांस भी ज़्यादा दिन नहीं टिक सका। यहाँ बताते चलें कि करियर की खातिर अनुष्का शर्मा ने क्रिकेटर विराट कोहली से शादी  से इनकार  कर दिया है।  लेकिन, इसके बावजूद बॉलीवुड एक्ट्रेस  और क्रिकेटर रोमांस यहीं ख़त्म होने वाला नहीं।








कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Announcement from D23 for Lucasfilm, Marvel Studios and 20th Century Studios' theatrical titles

ANAHEIM, Calif. (Sept. 10, 2022) — The Walt Disney Studios continued to fuel the fire ignited at yesterday’s showcase with a jam-packed pr...