
निर्माता-निर्देशक विपुल शाह की फिल्म नमस्ते इंग्लैंड में अक्षय कुमार की नायिका सोनाक्षी सिन्हा होंगी। अक्षय कुमार और सोनाक्षी सिन्हा ने एक साथ अब तक छह फ़िल्में की हैं। सोनाक्षी सिन्हा पहली बार फिल्म राउडी राठौर में अक्षय कुमार की नायिका बनी। यह फिल्म सुपर हिट हुई। लेकिन, इस जोड़ी की अगली फिल्म जोकर बुरी तरह से असफल हुई। इस जोड़ी की तीसरी फिल्म वन्स अपॉन अ टाइम इन मुंबई दोबारा भी फ्लॉप हुई। चौथी फिल्म हॉलिडे : अ सोल्जर इज़ नेवर ऑफ ड्यूटी हिट साबित हुई। अक्षय कुमार की दो फिल्मों ओएमजी: ओह माय गॉड और बॉस में सोनाक्षी सिन्हा की मेहमान भूमिका थी। इस प्रकार से नमस्ते इंग्लैंड सोनाक्षी सिन्हा की अक्षय कुमार के साथ सातवीं फिल्म है। विपुल शाह कहते हैं, "इस फिल्म में सोनाक्षी सिन्हा का रोल बिलकुल अलग है।" जहाँ तक अक्षय कुमार के दर्शकों का सवाल है, वह चाहते थे कि नमस्ते इंग्लैंड में अक्षय कुमार की नायिका कैटरिना कैफ बने, जो नमस्ते लंदन में उनकी नायिका थी। इस जोड़ी ने आठ फ़िल्में हमको दीवाना कर गए, नमस्ते लंदन, वेलकम, सिंह इज़ किंग, ब्लू, दे दनादन, तीस मार खान और बॉम्बे टॉकीज एक साथ की हैं। विपुल शाह कहते हैं, "नमस्ते इंग्लैंड अक्षय कुमार की २००७ की फिल्म नमस्ते लंदन का सीक्वल नहीं। यह इसके बाद की फिल्म भी नहीं है।" ऐसे में अक्षय कुमार की कैटरिना कैफ के साथ जोड़ी ज़रूरी नहीं थी। दर्शक अक्षय कुमार को जैक्विलिन फर्नांडीज़ या करीना कपूर या कीर्ति सेनन में से किसी के साथ देखना चाहते थे। जैक्विलिन फिल्म हाउसफूल २ और ब्रदर्स में अक्षय कुमार की नायिका थी। अक्षय कुमार ने करीना कपूर के साथ सबसे ज़्यादा फ़िल्में की हैं। वह करीना कपूर के साथ अजनबी, तलाश, ऐतराज़, बेवफा, दोस्ती, टशन, कमबख्त इश्क़ जैसी फ़िल्में कर चुके हैं। कुछ फिल्मों में इनकी मेहमान भूमिकाएं थी। उपरोक्त अभिनेत्रियों में कीर्ति सेनन का पक्ष सबसे ज़्यादा कमज़ोर था, क्योंकि उन्होंने अक्षय कुमार की फिल्म सिंह इज़ ब्लिंग के ऊपर शाहरुख़ खान की फिल्म दिलवाले को तरजीह दी थी। हालाँकि, अक्षय कुमार ने करीना कपूर के साथ सबसे ज़्यादा फ़िल्में की थी तथा कैटरिना कैफ के साथ हिट फिल्मों का प्रतिशत ज़्यादा था, इसके बावजूद विपुल शाह ने सोनाक्षी सिन्हा को चुन तो ज़रूर सोनाक्षी में कोई बात रही होगी। नमस्ते इंग्लैंड होने के बावजूद इस फिल्म की शूटिंग इंग्लैंड के अलावा पेरिस, स्विट्ज़रलैंड, ब्रुसेल्स और पंजाब में भी होगी। फिल्म छह महीने के शिड्यूल में पूरी हो जाएगी।